Follow UsInstagram

ऑफिस में लक्ष्मी पूजा

दीपावली हिंदुओं का बहुत ही विशेष पर्व है । इस दिन विशेष रूप से देवी लक्ष्मी तथा भगवान गणेश की पूजा की जाती है । इस विशेष पर्व पर हर घर, परिवार, कार्यालय में लक्ष्मी जी की पूजा कर उनका स्वागत किया जाता है ।

कैसे करें ऑफिस में लक्ष्मी पूजा

व्यवसाय को बढ़ाने तथा सुख-समृद्धि के साथ अपना कारोबार बढ़ाने के लिए दीपावली के दिन लक्ष्मी जी और गणेशजी की पूजा विधिपूर्वक अवश्य करनी चाहिए । दीपावली पर ऑफिस तथा घर में लक्ष्मी पूजा की विधि में थोड़ा- सा ही अंतर होता है ।

यह अंतर मात्र वस्तुओं के उपलब्ध होने और ना होने पर ही आधारित है । दीपावली के दिन लक्ष्मी जी की पूजा चाहे घर पर करनी हो या मंदिर में या ऑफिस में विधि एक ही होती है, इसमें बहेद मामूली अंतर ही होता है ।

पूजा की सामग्री

लक्ष्मी जी की पूजा के लिए रोली, चावल, पान- सुपारी, लौंग, इलायची, धूप, कपूर, घी या तेल से भरे हुए दीपक, कलावा, नारियल, गंगाजल, गुड़, फल, फूल, मिठाई, दूर्वा, चंदन, घी, पंचामृत, मेवे, खील, बताशे, चौकी, कलश, फूलों की माला, शंख, लक्ष्मी व गणेश जी की मूर्ति, थाली, चांदी का सिक्का, 11 दिए आदि वस्तुएं चाहिए होती है ।

लक्ष्मी- गणेश पूजा विधि

दीपावली के दिन जहां घरों में रात को लक्ष्मी पूजा की जाती है, वही दूसरी तरफ ऑफिस व दुकानों में लक्ष्मी पूजा दिन में ही किया जाता है । सभी व्यापारी धन वृद्धि और अपने कारोबार की सफलता के लिए लक्ष्मी-गणेश जी की पूजा करते हैं ।

इस दिन ऑफिस के हॉल में या खाली जगह पर चौकी रखकर उस पर लक्ष्मी व गणेशजी की मूर्तियों को स्थापित करना चाहिए । पूजा करते समय मूर्ति का मुख पूर्व या पश्चिम दिशा की ओर होना चाहिए ।

इसके बाद जल से भरे हुए कलश को लक्ष्मी जी के सामने चावलों के ऊपर रखना चाहिए । नारियल को लाल चुनरी में लपेटकर कलश उसे कलश के ऊपर रखना चाहिए । लक्ष्मी जी की मूर्ति के सामने रोली से श्री का और गणेश जी के सामने त्रिशूल का चिह्न बनाना चाहिए ।

इसके बाद पूजा की सामग्री जैसे खील, बताशे, मिठाइयां, फूल, माला, दीप, रुपया आदि को अलग- अलग थालियों में रखना चाहिए । हाथ में जल ले कर इस मंत्र का उच्चारण करते हुए पूजा आरंभ करनी चाहिए-

ॐ पवित्रः अपवित्रो वा सर्वावस्थांगतोऽपिवा ।

यः स्मरेत् पुण्डरीकाक्षं स वाह्यभ्यन्तर शुचिः ॥

पृथ्विति मंत्रस्य मेरुपृष्ठः ग षिः सुतलं छन्दः

कूर्मोदेवता आसने विनियोगः ॥

इस प्रकार पूरे ऑफिस पर जल छिड़क कर उसे पवित्र करना चाहिए । फिर पूरे विधि – विधान से गणेशजी व लक्ष्मी जी की पूजा करना चाहिए । अंत में सबको प्रसाद बांटकर तथा पंडित को दक्षिणा देकर उसे विदा करना चाहिए ।

इस दिन लक्ष्मी-गणेश जी की पूजा के साथ व्यापार वृद्धि यंत्र, महालक्ष्मी यंत्र या कुबेर यंत्र की स्थापना या पूजा करना भी शुभ माना जाता है । मान्यता है कि दीवाली के दिन इन यंत्रों को स्थापित करने से अधिक फल प्राप्त होता है ।

You cannot copy content of this page